ईवीएम की समस्या नहीं होती तो ये जीत और बड़ी होती : अखिलेश


लखनऊ। उपचुनाव में मिली बड़ी जीत के बाद सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को अपने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाने जनेश्वर मिश्रा पार्क पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं से बात करते हुए उन्होंने कार्यकर्ताओ को बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस जीत में बड़ा राजनीतिक संदेश है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि अगर ईवीएम की समस्या नहीं होती तो ये जीत और बड़ी होती। चुनाव के दौरान बड़े पैमाने पर ईवीएम खराब हुई।

अपने विजयी प्रत्याशियों की तारीफ करते हुए अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर से विजयी प्रत्याशी प्रवीन निषाद पर उन्होंने कहा कि ये इंजीनियर हैं वो भी मैकेनिकल वाले। ये नटबोल्ट ठीक करने वाले इंजीनियर है, ये नौजवान हैं, ये सदन में जाएंगे और गोरखपुर की आवाज वहां रखेंगे।

इस दौरान उन्होंने योगी सरकार पर हमला करते हुए कहा कि किसान इंतजार करते रहे कि कर्ज माफ होगा, लेकिन कर्ज माफ नहीं हुआ। मांओं ने अपने बच्चे खो दिए क्योंकि उन्हें ऑक्सीजन नहीं मिली। इसमें भी राजनीति की गई। गोरखपुर में विकास का कोई काम नहीं हुआ है। पांच बजटों में कुछ नहीं किया गया। हमारे दोनों सांसद यहां की आवाज उठाएंगे।