

बुधवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा मतदान चुनाव पार्टियां की गई रवाना, पुर्नमतदान की तैयारियां पूरी सहारनपुर (गौरव सिंघल)। कैराना लोकसभा सीट से सहारनपुर जनपद में 68 मतदान केंद्रों पर पुनः मतदान होगा। जिलाधिकारी प्रमोद कुमार पांडे ने मंगलवार शाम पत्रकारों को चुनाव आयोग के इस फैसले की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुनः मतदान बुधवार सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक होगा। हमारी इसकी पूरी तैयारी है। थोडी देर में ही चुनाव पार्टियों की रवानगी कर दी जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि उनकी ओर से इतने ही मतदान केंद्रों पर पुनः मतदान की अनुशंसा चुनाव आयोग से की गई थी। तीन मतदान केंद्रों पर वीवीपैट की खराबी के कारण दो घंटे से ज्यादा मतदान बंद रहा। नकुड़ के गांव लूंडा के मतदान केंद्र पर एक भी वोट नहीं पडा। वहां तीन बार वीवीपैट बदली गई थी। सरसो हेडी में केवल 36 और गांव कुंडी में चार-पांच मत ही पड पाए थे। कैराना लोकसभा सीट पर कुल 55.56 फीसद मतदान हुआ है। पिछले लोकसभा चुनाव में 73 फीसद वोट पडे थे।
इस बार गंगोह विधानसभा क्षेत्र में 55 फीसद और नकुड़ में 57 फीसद वोट पडे़। जिलाधिकारी पांडे ने पुनः मतदान किए जाने वाले मतदान केंद्रों की सूची जारी की है। उनके मुताबिक जनपद की 68 मतदान केंद्रों पर पुर्नमतदान होगा। उन्होंने कहा कि वीवीपैट की खराबी के चलते इन मतदान केन्द्रों पर दो या दो से अधिक घंटों तक मतदान बाधित रहा था।
उन्होंने कहा कि मतदान बाधित होने की जानकारी निर्वाचन आयोग को दे दी गयी थी। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पुर्नमतदान का निर्णय लिया गया है। सभी मतदान केन्द्रों के लिए पोलिंग पार्टियां रवाना कर दी गयी है। पाण्डेय ने आज यहां यह जानकारी दी।