

कर्नाटक विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के बाद सत्ता में आने को लेकर भाजपा, कांग्रेस, जेडी(एस) में अभी भी रस्साकशी चल रही है। इसी बीच कर्नाटक भाजपा ने बीएस येदियुरप्पा के गुरुवार को शपथ लेने को लेकर ट्वीट कर दिया। ट्वीट में लिखा हुआ था, ‘बीएस येदियुरप्पा गुरुवार सुबह 9.30 बजे राजभवन में कर्नाटक के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे।’ हालांकि, बाद में इस ट्वीट को डिलीट कर दिया गया। बता दें, कर्नाटक भाजपा के हैंडल के अलावा कर्नाटक के राजाजीनगर से भाजपा विधायक सुरेश कुमार ने भी इस बारे ट्वीट किया था। सुरेश कुमार ने ट्वीट करते हुए कहा था कि येदियुरप्पा गुरुवार सुबह मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। कर्नाटक भाजपा के बाद सुरेश कुमार ने भी अपने हैंडल से ट्वीट को डिलीट कर दिया।
विधायक सुरेश कुमार के ट्वीट के बाद कांग्रेस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करके राज्यपाल के ‘फैसले’ पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल ने कहा कि राज्यपाल को गैरकानूनी फैसला नहीं लेना चाहिए, क्योंकि कांग्रेस और जेडी(एस) के पास बहुमत का आंकड़ा है। साथ ही उन्होंने कहा कि इसके बाद भी राज्यपाल ने सरकार बनाने के लिए कुमारस्वामी को न्यौता नहीं दिया। वहीं पी चिदंबरम ने कहा कि हमें सुनने को मिला है कि राज्यपाल ने बीएस येदियुरप्पा को सरकार बनाने के लिए न्यौता दिया है, लेकिन अभी तक इसकी पुष्टि नहीं हो पाई है। अभी तक हम इसी आधार पर काम कर रहे हैं कि राज्यपाल ने किसी को भी सरकार बनाने के लिए न्यौता नहीं दिया है।