

जयपुर । राज्य सरकार के चार वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जयपुर के रामलीला मैदान में तीन दिवसीय सुराज प्रदर्शनी का शुभारम्भ हुआ। प्रदर्शनी का उद्घाटन गृह मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री श्री गुलाब चन्द कटारिया ने किया। प्रदर्शनी में 22 विभागों की 50 स्टॉल्स के माध्यम से जिले में हुए विकास कायोर्ं एवं उपलब्धियों को बहुआयामी चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। स्टॉलों पर विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं की भी जानकारी पोस्टर, बैनर, फ्लैक्स, मॉडल आदि द्वारा प्रभावी तरीके से दी गई है। इस मौके पर चार वर्ष में हुए महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स को भी मॉडल्स के माध्यम से प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी में आमजन को विकास साहित्य सामग्री का भी वितरण किया गया।
श्री कटारिया ने प्रदर्शनी का पूरे मनोयोग से अवलोकन किया। उन्होंने सभी विभागों की स्टॉल्स पर जाकर जानकारी ली और साहित्य सामग्री का भी अवलोकन किया। उन्होंने प्रदर्शनी के माध्यम से सरकार के सफल चार सालों में हुए विकास कार्यों को लोगों के सामने सशक्त तरीके से रखने के लिए विभागों द्वारा किये गए प्रयासों की भी सराहना की।
प्रदर्शनी में मौजूद अपार जन समूह ने उत्साह और रुचि के साथ प्रदर्शनी को देखा और विभिन्न विभागों की जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी ली। यहां विभिन्न स्कूलों और कॉलेज से आए छात्र-छात्राओं में भी प्रदर्शनी को देखने का खासा उत्साह नजर आया। उन्होंने ना केवल विभिन्न स्टाल्स पर मौजूद मॉडल्स को देखा और समझा बल्कि प्रश्न पूछकर अपनी जिज्ञासाएं भी शांत की और साहित्य सामग्री भी ली।
प्रदर्शनी स्थल पर स्वच्छ भारत अभियान विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता में स्कूल के छात्र छात्राओं ने बढ़-चढ़ कर भाग लिया। उल्लेखनीय है कि यह विकास प्रदर्शनी 20 दिसम्बर तक आम जन के अवलोकन के लिए खुली रहेगी। इस दौरान ‘‘जल संरक्षण’’ एवं ‘‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’’ विषय पर चित्रकला, जिंगल लेखन एवं आशु भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी।
प्रदर्शनी स्थल पर लोक नृत्य के माध्यम से लोक संस्कृति साकार करते हुए कलाकारों को भी लोगों ने खूब सराहा। यहां पर अन्नपूर्णा रसोई द्वारा उपलब्ध नाश्ते और भोजन का भी लोगों ने भरपूर आनन्द लिया।
इस अवसर पर सांसद श्री रामचरण बोहरा, जिला प्रमुख श्री मूलचन्द मीणा, चाकसू विधायक श्री लक्ष्मीनारायण बैरवा, महापौर श्री अशोक लाहोटी, अन्य जनप्रतिनिधि, संभागीय आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह, जिला कलक्टर श्री सिद्धार्थ महाजन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे।