

जयपुर बैंक डकैती प्रयास का जोधपुर में खुलासा
जोधपुर के छह युवक पकड़े, छह की तलाश जारी, एक अपराधी एएसआई हत्याकांड का अभियुक्तजोधपुर, 11 फरवरी (हि.स.)। राजधानी जयपुर में बीते दिनों हुई एक निजी बैंक में डकैती प्रयास का खुलासा जोधपुर शहर में हुआ है। जोधपुर के महामंदिर पुलिस थाना क्षेत्र के छह युवकों को पुलिस ने रविवार देर रात तक गिरफ्तार किया। इन्हें बापर्दा रखा गया है। छह और लोगों के इस कांड में शामिल होने की जानकारी पुलिस को मिली है, जिनकी सरगर्मी से तलाश जारी है। संभावना है कि सोमवार को उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। पकड़े गए आरोपियों में एक युवक जोधपुर के राइका बाग बस स्टेण्ड पर एएसआई हत्याकांड का अभियुक्त है जो इन दिनों जमानत पर है। जयपुर पुलिस को इस बारे में सूचित किया गया है। सनद रहे कि बीते सप्ताह राजधानी जयपुर में एक निजी बैंक में डकैती का प्रयास किया गया था। पुलिस कांस्टेबल की सजगता से इस डकैती को रोका गया। फायर करने से डकैत फरार हो गए थे। पुलिस की जांच मेंं सामने आया कि डकैत जोधपुर या पाली जिले के हो सकते है। इस पर पाली व जोधपुर पुलिस को इस बारे में पड़ताल व पतारसी के आदेश जारी किए गए। पिछले दो तीन दिन से जयपुर व पाली पुलिस इस बारे में जोधपुर शहर में चक्कर काट रही थी। इसी टीम में जैसलमेर में थानाधिकारी लगे देरावर सिंह भी शामिल है। इधर महामंदिर थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि जोधपुर में डकैतों के बारे में पता लगाने के लिए मुखबिर से जानकारी मिली कि रामड़ावास हाल मदेरणा कॉलोनी निवासी प्रमोद विश्रोई का इसमें हाथ हो सकता है। इस पर पुलिस ने पहले उसे उठाया और गहनता से पूछताछ की। इस पर उसने जुर्म स्वीकार करते हुए अपने अन्य साथियों के नाम पुलिस को बताए। थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि प्रमोद विश्नोई द्वारा साथियों की जानकारी दिए जाने पर रविवार को पुलिस की टीमें लगाकर पांच अन्य अभियुक्तों मंडोर के कीर्ति नगर निवासी दिनेश लोहार, जटिया कोलोनी निवासी प्रकाश,जयप्रकाश, पवन और धर्मेंद्र को पकड़ा गया। सभी का बापर्दा रखा गया है। प्रमोद है हत्या का आरोपी: थानाधिकारी सीताराम खोजा ने बताया कि प्रमोद विश्रोई हत्या का आरोपी है। वह जमानत पर रिहा हो रखा है। उस पर कुछ साल पहले राइकाबाग बस स्टेण्ड पर एएसआई राजेश की हत्या का आरोप लगा है। वह जमानत पर छूटने के बाद से फिर अनैतिक गतिविधियों में लिप्त हो गया। छह और की तलाश जारी: पुलिस ने बताया कि इस डकैती प्रयास में छह और लोगों का नाम सामने आया है। पुलिस इन्हें पकडऩे के लिए दबिश दे रही है। संभावना है कि सोमवार तक इन्हें भी पकड़ लिया जाएगा। पुलिस ने इनकी पहचान कर ली है। यह आरोपी जोधपुर के ग्रामीण क्षेत्र के रहने वाले है। ग्रामीण पुलिस की टीमें लगाई गई है।