एक बार नहीं दो बार हुई थी पांडव पुत्र अर्जुन की मृत्यु, जानिए कैसे


सभी ने महाभारत और रामायण की कथा देखी और सुनी होगी। महाभारत में पांडव पुत्र अर्जुन सबसे प्रमुख पात्रों में से एक हैं। महाभारत के युद्ध और पांडवो की विजय के बारे में सभी जानते है। सभी लोग ये जानते हैं कि स्वर्ग की यात्रा के दौरान अर्जुन की मृत्यु हुई थी। लेकिन इसके पहले भी एक बार अर्जुन की मृत्यु हो चुकी थी, ये बात बहुत कम लोग जानते हैं।

पहली बार अर्जुन की मृत्यु कैसे हुई और वह पुनः कैसे जीवित हुए, आज हम आपको इसी से जुड़ी पूरी घटना बता रहे हैं। महाभारत युद्ध समाप्त होने के बाद एक दिन महर्षि वेदव्यास और श्रीकृष्ण के कहने पांडवों ने अश्वमेध यज्ञ करने का विचार किया। पांडवों ने शुभ मुहूर्त देखकर यज्ञ का शुभारंभ किया और अर्जुन को रक्षक बना कर घोड़ा छोड़ दिया। वह घोड़ा जहां भी जाता, अर्जुन उसके पीछे जाते। अनेक राजाओं ने पांडवों की अधीनता स्वीकार कर ली वहीं कुछ ने मैत्रीपूर्ण संबंधों के आधार पर पांडवों को कर देने की बात मान ली।

किरात, मलेच्छ व यवन आदि देशों के राजाओं ने यज्ञ को घोड़े को रोक लिया। तब अर्जुन ने युद्ध कर उन्हें पराजित कर दिया। इस तरह विभिन्न देशों के राजाओं के साथ अर्जुन को कई बार युद्ध करना पड़ा। यज्ञ का घोड़ा घुमते-घुमते मणिपुर पहुंच गया। यहां की राजकुमारी चित्रांगदा अर्जुन की पत्नी थी और उनके पुत्र का नाम बभ्रुवाहन था। बभ्रुवाहन ही उस समय मणिपुर का राजा था।

जब बभ्रुवाहन को अपने पिता अर्जुन के आने का समाचार मिला तो उनका स्वागत करने के लिए वह नगर के द्वार पर आया। अपने पुत्र बभ्रुवाहन को देखकर अर्जुन ने कहा कि मैं इस समय यज्ञ के घोड़े की रक्षा करता हुआ तुम्हारे राज्य में आया हूं। इसलिए तुम मुझसे युद्ध करो। जिस समय अर्जुन बभ्रुवाहन से यह बात कह रहा था, उसी समय नागकन्या उलूपी भी वहां आ गई। उलूपी भी अर्जुन की पत्नी थी। उलूपी ने भी बभ्रुवाहन को अर्जुन के साथ युद्ध करने के लिए उकसाया।