महंगे पेट्रोल डीजल की मार झेल रहे लोगों को जल्‍द ही मिल सकती है राहत


महंगे पेट्रोल डीजल की मार झेल रहे लोगों को जल्‍द ही राहत मिल सकती है। ओपेक देशों के बाद अब रूस ने भी प्रोडक्‍शन बढ़ाने का संकेत दिया है। जिसके चलते शुक्रवार को कच्‍चे तेल की कीमतों में बड़ी कटौती देखी गई। आज कच्‍चा तेल 2.36 फीसदी टूट गया। जिसके बाद अंतरराष्‍ट्रीय बाजारों में कच्‍चे तेल के दाम 77 डॉलर प्रति बैरल के भी नीचे आ गए। बता दें कि गुरुवार को कच्‍चा तेल 78.79 डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ था। दूसरी ओर कच्‍चे तेल की कीमतें टूटने से रुपए भी रिकवर करता दिखा। आज डॉलर के मुकाबले रुपए में 61 पैसे की मजबूती आई।

अंतरराष्‍ट्रीय बाजार में आज कच्‍चे तेल की कीमतों की बात करें तो नायमेक्‍स पर इसके भाव 70 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गए, वहीं डब्‍ल्‍यूटीआई क्रूड (वेस्‍ट टेक्‍सास इंटर‍मीडिएट) भी 2 फीसदी टूटकर 70 डॉलर प्रति बैरल के करीब आ गया।

इससे पहले खबरें आई थीं कि वेनेजुएला और ईरान क्रूड की सप्‍लाई कम कर सकते हैं। इसकी भरपाई के लिए आपेक देश और रूस आगे आते दिख रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक क्रूड का उत्‍पादन घटाने के लिए जो समझौता हुआ था, उसमें ओपेक देश कुछ बदलाव कर सकते हैं। क्रूड का प्रोडक्‍शन बढ़ना भारत की सरकार के लिए भी अच्‍छी खबर है। क्‍योंकि लगातार बढ़ते पेट्रोल और डीजल की कीमतों के चलते यहां भी सरकार दबाव में है। यदि दाम नीचे आते हैं तो सरकार पर भी कीमतें घटाने का दबाव कम हो जाएगा।