राहुल गांधी 16 दिसंबर को अध्यक्ष पद संभालेंगे


कांग्रेस ने राहुल गांधी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लिया है। राहुल गांधी 16 दिसंबर का औपचारिक रूप से पार्टी की कमान संभालेंगे। इसकी घोषणा के बाद कांग्रेस में राहुल युग की शुरुआत हो गई है। साथ ही कांग्रेस अध्यक्ष का पद संभालने वाले राहुल गांधी, गांधी-नेहरू परिवार के छठे सदस्य बन गए हैं। राहुल गांधी ने 4 दिसंबर को पार्टी अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरा था और उनके विपक्ष में कोई उम्मीदवार नहीं होने के चलते उनका निर्विरोध चुना जाना तय था।

राहुल के अध्यक्ष निर्वाचित होने के साथ ही कांग्रेस में जश्न शुरू हो गया। पीएम नरेन्द्र मोदी ने राहुल गांधी को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने पर बधाई देते हुए ट्वीट किया। राहुल अपनी मां सोनिया गांधी की जगह अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभालेंगे। सोनिया 19 साल तक इस पद पर रहीं। वह 1998 में कांग्रेस की अध्यक्ष बनी थीं। यह बदलाव देश की सबसे पुरानी पार्टी में नए युग का आगाज माना जा रहा है।

राहुल गांधी को जनवरी 2013 में कांग्रेस का उपाध्यक्ष बनाया गया था। जिसके बाद से वह पार्टी में दूसरे सबसे बड़े नेता के रूप में काम कर रहे थे। सोनिया गांधी कांग्रेस संसदीय दल का प्रतिनिधित्व करती रहेंगी। राहुल गांधी के पक्ष में कुल 89 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। जांच में सभी नामांकन पत्रों को वैध पाया गया। मुल्लापल्ली रामचंद्रन ने बताया कि राहुल गांधी को हालांकि पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने का प्रमाण पत्र 16 दिसंबर को सोनिया गांधी और कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में सौंपा जाएगा।