

बाड़मेर के कवास में शनिवार को हल्की बारिश हुई। इससे मौसम खुशनुमा हो गया तथा लोगों को गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग ने 17 शहरों में बादल गरजने व बिजली चमकने की चेतावनी जारी की है। शुक्रवार को एक-दो स्थानों को छोड़कर कहीं बारिश नहीं हुई। वहीं बारिश नहीं होने से पारा बढ़ने लगा है। बीती रात बाड़मेर में पारा 32.2 डिग्री तो जैसलमेर में 30.6 डिग्री सेल्सियस रहा। जयपुर में पारा करी दो डिग्री बढ़कर 27.2 डिग्री रहा।
वहीं जैसलमेर और बाड़मेर में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार चला गया। सावन में आसमान से आग बरस रही है। जयपुर सहित दस जिले ऐसे हैं, जहां मानसून के बरसने का इंतजार है। इन जिलों में मानसूनी बारिश औसत से 60 फीसदी तक कम हुई है। बीते बीस घंटे के दौरान उदयपुर, झुंझुनूं, गंगानगर व सीकर में हल्की बारिश हुई है। उल्लेखनीय है कि राज्य में मानसून की 2 जुलाई को एंट्री हुई है, तभी से दक्षिणी हिस्सों को छोड़कर लगभग पूरे प्रदेश को जोरदार बारिश का इंतजार है।
अगले 24 घंटों में यहां बादल गरजने की चेतावनी
पूर्वी राजस्थान के अजमेर, अलवर, बांसवाड़ा, भरतपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, दौसा, धौलपुर, डूंगरपुर, जयपुर, करौली, कोटा, राजसमंद, सवाईमाधोपुर तथा पश्चिमी राजस्थान के बीकानेर, चूरू व हनुमानगढ़ में अगले 247 घंटों में बिजली चमकने व बादल गरजने की चेतावनी जारी की है।
यहां बढ़ा बीती रात तापमान : बीती रात अजमेर में पारे में करीब 3 डिग्री, भीलवाड़ा में करीब 2 डिग्री, अलवर में एक डिग्री, जयपुर में दो डिग्री, कोटा में एक डिग्री, बीकानेर में करीब तीन डिग्री का उछाल आया।
बीती रात प्रमुख शहरों का न्यूनतम तापमान
अजमेर | 26.0 डिग्री सेल्सियस |
भीलवाड़ा | 26.2 डिग्री सेल्सियस |
अलवर | 25.0 डिग्री सेल्सियस |
जयपुर | 27.2 डिग्री सेल्सियस |
कोटा | 28.4 डिग्री सेल्सियस |
जोधुपर | 39.0 डिग्री सेल्सियस |
बीकानेर | 27.9 डिग्री सेल्सियस |
चूरू | 27.3 डिग्री सेल्सियस |
गंगानगर | 26.5 डिग्री सेल्सियस |
जैसलमेर | 30.6 डिग्री सेल्सियस |
बाड़मेर | 32.2 डिग्री सेल्सियस |