मानसून ने केरल में दी दस्तक


भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दक्षिण पश्चिम मानसून अपने तय समय से तीन दिन पहले केरल पहुंच गया है। आईएमडी ने बताया कि मध्य अरब सागर, केरल के शेष हिस्सों, तटीय और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के हिस्सों, पूर्व – मध्य और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी के हिस्सों और पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ भागों में अगले 48 घंटे के दौरान मानसून के आगे बढ़ने के लिए स्थितियां अनुकूल है। दक्षिणी राज्य में मानसून पहुंचना देश में चार माह तक चलने वाले बारिश के मौसम की शुरुआत का प्रतीक है।

मौसम विभाग ने कहा, ‘आज, दक्षिण पश्चिम मानसून दक्षिण पूर्व अरब सागर, कोमोरिन-मालदीव क्षेत्र, पूरे लक्षद्वीप, केरल के अधिकांश हिस्सों, तमिलनाडु के कुछ हिस्सों और बंगाल के मध्य और पूर्वोत्तर खाड़ी के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है। इसलिए दक्षिण पश्चिम मानसून तय समय से तीन दिन पहले मंगलवार को केरल पहुंच गया है। देश में मानसून पहुंचने की आधिकारिक तारीख एक जून है और इसे पूरे देश में सक्रिय होने में डेढ़ महीने का समय लगता है। यह लगातार दूसरा साल है जब मानसून ने तय समय से पहले दस्तक दी है। पिछले वर्ष वार्षिक बारिश सीजन 30 मई को शुरू हुआ था। मौसम पूर्वानुमान जारी करने वाली निजी एजेंसी ‘स्काईमेट’ ने हालांकि कहा था कि मानसून ने केरल में सोमवार को दस्तक दे दी थी।