

केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने कहा है कि 2018 को खेल वर्ष के रूप में मनाया जाएगा और खेलो भारत अभियान के तहत लोगों को खेल के प्रति दिलचस्पी जगाने के लिए एक क्वीज भी आयोजित किया जाएगा। राठौर ने बुधवार को भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा आयोजित छठे बिग पिक्चर्स सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा कि अगले तीन वर्षों में देश में 10 खेल उत्कृष्ता केंद्र स्थापित किये जाएंगे और खेल के प्रति देशवासियों की मानसिकता को बदले जाने की जरुरत है। उन्होंने यह भी कहा कि शिक्षा व्यवस्था में स्वास्थ्य के साथ साथ खानपान के बारे में भी लोगों को जानकारी दी जाने की जरुरत है ताकि वे स्वस्थ्य रहे। खेल मंत्री ने कहा कि इस तरह की जानकारी देने के लिए मोबाइल ऐप का भी इस्तेमाल किया जा सकता है जिसमें लोगों को खेल की आधारभूत सुविधाओं के साथ साथ खेल खेलने और उसके लिए कोच आदि की जानकारी भी उसमें दी जाए। उन्होंने यह भी कहा कि देश में खेल के विकास के लिए उद्योग जगत के साथ साझेदारी बढ़ाने की जरुरत है। राठौर ने बताया कि मणिपुर में एक खेल विश्वविद्यालय खोला गया है और सरकार खेल के क्षेत्र में शोध कार्य के लिए छह विश्वविद्यालयों को सहयोग भी दे रही है तथा खेल विज्ञान केंद्र के लिए छह मेडिकल कॉलेज को भी आथिक मदद दी जा रही है।