येदियुरप्पा सरकार में 3 डिप्टी सीएम होंगे, उपमुख्यमंत्री बनने वाले सावदी किसी भी सदन के सदस्य नहीं


कर्नाटक में येदियुरप्पा सरकार में तीन उपमुख्यमंत्री होंगे। सोमवार को 17 नवनियुक्त मंत्रियों को विभागों को आवंटित कर दिया गया। 20 अगस्त को येदियुरप्पा सरकार में 17 मंत्रियों को शामिल किया गया था। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने गोविंद करजोल, अश्वथ नारायण और लक्ष्मण सावदी को उपमुख्यमंत्री बनाया। सावदी न तो विधानसभा के सदस्य हैं और न ही विधान परिषद के। उनके मंत्रिमंडल में शामिल होने से भाजपा के कई विधायकों में नाराजगी थी।

उपमुख्यमंत्रियों को मिला विभाग

  • गोविंद करजोल – पीडब्ल्यूडी और सामाजिक कल्याण मंत्रालय
  • अश्वथ नारायण – उच्च शिक्षा, आईटी और बीटी, विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय
  • लक्ष्मण सावदी – परिवहन विभाग मंत्रालय

बसवराज बोम्मई गृह मंत्री बनाए गए

बसवराज बोम्मई को गृह मंत्रालय का कार्यभार मिला है। जबकि पूर्व मुख्यमंत्री जगदीश शेट्टार को लघु और मध्यम उद्योग का मंत्री बनाए गए हैं। दो पूर्व उपमुख्यमंत्रियों के एस ईश्वरप्पा और आर अशोका को ग्रामीण विकास और पंचायती राज और राजस्व विभाग दिया गया। एसटी नेता बी श्रीरामुलु स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री बनाए गए हैं। जबकि ब्राह्मण एस सुरेश कुमार को प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षा मंत्रालय मिला।

वी सोमना (आवास), सी टी रवि (पर्यटन, कन्नड़ और संस्कृति), बसवराज बोम्मई (गृह), कोटा श्रीनिवास पूजारी (मुजराई, मत्स्य, बंदरगाह और अंतर्देशीय परिवहन), जेसी माधवस्वामी (कानून, संसदीय मामले और विधान, लघु सिंचाई), सीसी पाटिल को माइन्स और भूविज्ञान मंत्रालय आवंटित किया गया। जबकि एच नागेश (एक्साइज), प्रभु चव्हाण (पशुपालन) और शशिकला जोले (महिला और बाल विकास) मंत्री बनाई गईं हैं।