बुधवार, 25 नवम्बर 2026
KalameRajasthan

निर्दलीय सरिता चौहान को 5 वोटों से हराकर जिला प्रमुख बनीं निकिता डूडी: बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में डूडी परिवार का दबदबा कायम: कांग्रेस की निकिता डूडी जीतीं, बागी सरिता चौहान व पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल निलंबित

BIKANER , RAJASTHAN Nov 25, 2026 Super Admin 43
शेयर:
बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में डूडी परिवार का दबदबा कायम: कांग्रेस की निकिता डूडी जीतीं, बागी सरिता चौहान व पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल निलंबित

कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, बीकानेर। बीकानेर जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस की अधिकृत उम्मीदवार निकिता डूडी ने जीत दर्ज कर सियासी बाजी मार ली है। दिवंगत कांग्रेस नेता रामेश्वर डूडी और नोखा विधायक सुशीला डूडी की पुत्रवधू निकिता डूडी ने पार्टी से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान को 5 मतों के अंतर से पराजित किया। इस परिणाम के साथ ही बीकानेर जिला प्रमुख की कुर्सी पर एक बार फिर डूडी खेमे का वर्चस्व बरकरार रहा है।

दरअसल, चुनावी मुकाबले से पहले भाजपा की उम्मीदवार धापू कंवर और निर्दलीय प्रत्याशी संतोष ने अपना नामांकन वापस ले लिया था, जिसके चलते भाजपा रेस से बाहर हो गई और मुकाबला सीधा कांग्रेस तथा कांग्रेस की बागी सरिता चौहान के बीच सिमट गया था। 41 सदस्यीय बीकानेर जिला परिषद में कांग्रेस के पास 30 सदस्य हैं, जबकि भाजपा ने 8, आरएलपी ने 2 और माकपा ने 1 सीट पर जीत हासिल की थी। स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद सरिता चौहान के निर्दलीय मैदान में उतरने से सियासी हलचल बढ़ गई थी।

बगावत पड़ी भारी: गोविंदराम मेघवाल और सरिता चौहान निलंबित

बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी लाइन के खिलाफ जाना पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और उनकी बेटी सरिता चौहान को महंगा पड़ा। पार्टी विरोधी गतिविधियों को गंभीरता से लेते हुए कांग्रेस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों नेताओं को पार्टी से निलंबित कर दिया है। पार्टी नेतृत्व ने निकिता डूडी को आधिकारिक प्रत्याशी घोषित किया था, लेकिन इसके बावजूद सरिता चौहान ने निर्दलीय नामांकन दाखिल कर चुनाव लड़ा।

नाम वापसी की समयसीमा समाप्त होने से पहले पर्यवेक्षक कुलदीप इंदौरा और देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग समेत अन्य वरिष्ठ नेता पार्टी में एकजुटता का दावा करते रहे, लेकिन सरिता चौहान अपने फैसले पर अडिग रहीं और नाम वापस नहीं लिया।

चुनाव और टिकट वितरण पर किसने क्या कहा?

परिणाम व सियासी घटनाक्रम के बीच सरिता चौहान ने कहा कि इस चुनाव में उनके पिता और भाई की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने टिकट वितरण पर नाराजगी जताते हुए कहा कि वे वर्षों से पार्टी के लिए काम कर रही हैं, जबकि कुछ समय पहले पार्टी में आई नई लड़की को टिकट दे दिया गया।

वहीं, नवनिर्वाचित जिला प्रमुख निकिता डूडी ने जीत के बाद कहा कि पार्टी नेतृत्व ने उनके परिवार पर भरोसा जताया है और वे डूडी साहब की विरासत को आगे बढ़ाएंगी। उन्होंने कहा कि सभी का समर्थन उनके साथ है। 

टैग: #Bikaner Zila Pramukh, Nikita Dudi, Sarita Chauhan, Govindram Meghwal, Bikaner Zila Parishad, Rajasthan Congress, Bikaner News, Kalam E Rajasthan

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें