बुधवार, 25 नवम्बर 2026
KalameRajasthan

37 में से 19 सीटें जीतकर आरएलपी के पास स्पष्ट बहुमत: नागौर जिला प्रमुख का फैसला आज: आरएलपी के पांचाराम और निर्दलीय अनिल नागौरी में मुकाबला, कांग्रेस व भाजपा ने नहीं उतारे प्रत्याशी

JAIPUR , RAJASTHAN Nov 25, 2026 Super Admin 6
शेयर:
नागौर जिला प्रमुख का फैसला आज: आरएलपी के पांचाराम और निर्दलीय अनिल नागौरी में मुकाबला, कांग्रेस व भाजपा ने नहीं उतारे प्रत्याशी

कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, नागौर। पंचायतीराज चुनाव के बाद अब जिला परिषदों में सत्ता की चाबी किसके हाथ में होगी, इसका अंतिम फैसला बुधवार को हो जाएगा। नागौर जिला परिषद में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) को स्पष्ट बहुमत हासिल होने के कारण उसका जिला प्रमुख बनना लगभग तय माना जा रहा है।

नागौर जिला प्रमुख पद के लिए आरएलपी की ओर से पांचाराम ने नामांकन दाखिल किया है, जबकि अनिल नागौरी ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में पर्चा भरा है। सियासी गलियारों में चर्चा है कि पहले भारतीय जनता पार्टी ने अनिल नागौरी को अपना प्रत्याशी बनाने की तैयारी की थी, लेकिन ऐन वक्त पर रणनीति में बदलाव कर लिया। इस वजह से नागौर जिला प्रमुख के चुनाव में भाजपा का कोई अधिकृत उम्मीदवार मैदान में नहीं है। वहीं, 11 सदस्य होने के बावजूद कांग्रेस ने भी अपना प्रत्याशी नहीं उतारा है।

19 सदस्यों के स्पष्ट बहुमत के बावजूद आरएलपी की कड़ी किलेबंदी

नागौर जिला परिषद के कुल 37 वार्डों में आरएलपी ने 19 सीटों पर जीत दर्ज कर बहुमत का जादुई आंकड़ा अपने दम पर छू लिया है। चुनाव परिणामों में कांग्रेस को 11 और भाजपा को 7 सीटें मिली हैं। संख्या बल पूरी तरह पक्ष में होने के बावजूद पार्टी नेतृत्व कोई कोताही बरतने के मूड में नहीं है।

मतदान तक किसी भी तरह की सियासी सेंधमारी या उठापटक की आशंका को टालने के लिए आरएलपी ने अपने सभी सदस्यों की कड़ी किलेबंदी की है। पार्टी सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल कोई जोखिम नहीं उठाना चाहते। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में जिस प्रकार आरएलपी सदस्य शंकरी भील को भाजपा ने अपने पाले में किया, उस घटनाक्रम के बाद बेनीवाल और अधिक सतर्क हो गए हैं। पार्टी ने नवनिर्वाचित जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों को गुप्त स्थान पर ठहराया है, जो 25 नवंबर को सीधे मतदान केंद्र जिला परिषद कार्यालय पहुंचकर पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में वोट डालेंगे। हनुमान बेनीवाल ने दावा किया कि नागौर और डीडवाना-कुचामन दोनों जिलों में आरएलपी के ही जिला प्रमुख बनेंगे तथा आगामी विधानसभा चुनावों में पार्टी एक बड़ी ताकत बनकर उभरेगी।

देश और नागौर के पहले जिला प्रमुख थे लिखमाराम चौधरी

नागौर का जिला प्रमुख पद ऐतिहासिक रूप से भी बेहद खास रहा है। लिखमाराम चौधरी न केवल नागौर बल्कि भारत के प्रथम जिला प्रमुख थे। वे लगातार तीन बार निर्विरोध जिला प्रमुख निर्वाचित हुए और 27 सितंबर 1959 से 7 अगस्त 1977 तक इस पद पर आसीन रहे। वहीं, बिन्दू चौधरी नागौर के सियासी इतिहास में तीन बार जिला प्रमुख चुनी जाने वाली एकमात्र महिला नेता हैं।

नागौर के अब तक रहे 8 जिला प्रमुखों की सूची

क्रम संख्या जिला प्रमुख का नाम कार्यकाल
1 लिखमाराम चौधरी (जनाणा) 27 सितंबर 1959 से 7 अगस्त 1977 तक
2 भंवराराम सूपका 1982 - 1985
3 हरिराम बागड़िया 1985 - 1988
4 हरेंद्र मिर्धा 1988 - 1991
5 बिन्दू चौधरी 1995-2000, 2005-2010, 2010-2015
6 जेठमल बरबड़ 2000 - 2005
7 सुनीता चौधरी 2015 - 2020
8 भागीरथ राम लोरा 2020 - 2026



टैग: #Nagaur Zila Pramukh, Pancharam RLP, Anil Nagauri, Hanuman Beniwal, Nagaur Zila Parishad, Nagaur News, Rajasthan Politics, Kalam E Rajasthan

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें