31 में से 25 सीटें जीतने के बाद कांग्रेस ने 26-5 के बड़े अंतर से मारी बाजी: टोंक जिला प्रमुख पद पर कांग्रेस की बड़ी जीत: 10 साल बाद कब्जा, अलका बैरवा ने प्रियंका बैरवा को 21 मतों से हराया
कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, टोंक। टोंक जिला प्रमुख पद के चुनाव में कांग्रेस ने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज करते हुए 10 साल बाद जिला परिषद की कुर्सी पर फिर से कब्जा जमा लिया है। कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी अलका बैरवा टोंक की नई जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार प्रियंका बैरवा को 21 मतों के बड़े अंतर से शिकस्त दी। मतदान में अलका बैरवा को 26 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रियंका बैरवा महज 5 मतों पर सिमट गईं।
इससे पूर्व जिला परिषद चुनाव के परिणामों में भी कांग्रेस का स्पष्ट दबदबा रहा था। टोंक जिला परिषद की कुल 31 सीटों में से 25 सीटों पर कांग्रेस ने एकतरफा बहुमत हासिल किया था। उसी मजबूत संख्या बल के बूते कांग्रेस ने जिला प्रमुख पद पर आसानी से जीत दर्ज कर ली।
26 को उप जिला प्रमुख, 27 को प्रधान और 28 को उप प्रधान चुनाव
जिला प्रमुख के निर्वाचन के अगले दिन यानी 26 नवंबर को उप जिला प्रमुख पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा। इसके बाद 27 नवंबर को जिले की सभी पंचायत समितियों के मुख्यालयों पर प्रधान पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न होगी, जबकि 28 नवंबर को उप प्रधान पद के लिए मतदान कराया जाएगा।
इन सभी पदों के निर्वाचन में भी जिला प्रमुख चुनाव की तरह ही नामांकन दाखिल करने, नामांकन पत्रों की संवीक्षा, नाम वापसी और आवश्यकता होने पर मतदान की तय प्रक्रिया अपनाई जाएगी। इस तरह चार दिनों तक चलने वाली इस निर्वाचन प्रक्रिया के पूर्ण होने के साथ ही जिले की जिला परिषद और पंचायत समितियों को नए मुखिया मिल जाएंगे।
हमसे जुड़ें



