गुरूवार, 26 नवम्बर 2026
KalameRajasthan

सरिता चौहान बोलीं— हार से हौसला नहीं टूटा, जारी रहेगा संघर्ष: बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में निकिता डूडी की जीत के बाद सियासी हलचल, बागी सरिता चौहान 6 साल के लिए निष्कासित

BIKANER , RAJASTHAN Nov 26, 2026 Super Admin 12
शेयर:
बीकानेर जिला प्रमुख चुनाव में निकिता डूडी की जीत के बाद सियासी हलचल, बागी सरिता चौहान 6 साल के लिए निष्कासित

कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, बीकानेर। बीकानेर जिला प्रमुख पद के चुनाव परिणाम घोषित होते ही जिला परिषद परिसर के बाहर सियासत के दो अलग-अलग रंग देखने को मिले। एक ओर कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी निकिता डूडी की जीत के बाद समर्थकों ने नारेबाजी, आतिशबाजी और जश्न मनाया, तो दूसरी ओर बागी प्रत्याशी सरिता चौहान के खेमे में मायूसी छा गई।

परिणाम के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए सरिता चौहान ने तीखे तेवर बरकरार रखे और कहा कि चुनाव परिणाम से उन्होंने हिम्मत नहीं हारी है। उन्होंने कहा कि पहले ही स्पष्ट कर चुकी थीं कि यह चुनाव उनके राजनीतिक जीवन का अहम मोड़ है और इसे वे कांग्रेस से विदाई नहीं, बल्कि नई राजनीतिक शुरुआत मानती हैं। सरिता ने कहा कि राजनीति में हार-जीत और चुनौतियां आती रहती हैं, लेकिन इनसे उनका संघर्ष और हौसला कमजोर नहीं पड़ेगा तथा आगे भी उनकी लड़ाई जारी रहेगी।

23-18 के अंतर से जीतीं निकिता डूडी, सरिता पर 6 साल के निष्कासन की कार्रवाई

बीकानेर जिला प्रमुख की उम्मीदवारी को लेकर बीते कई दिनों से चल रही सियासी खींचतान पर बुधवार को विराम लग गया। कांग्रेस की आधिकारिक उम्मीदवार निकिता डूडी ने 5 मतों के अंतर से जीत दर्ज कर जिला प्रमुख की कुर्सी अपने नाम कर ली। मतदान में निकिता डूडी को 23 वोट मिले, जबकि कांग्रेस से बगावत कर निर्दलीय चुनाव लड़ने वालीं पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान को 18 वोट हासिल हुए।

चुनाव परिणाम के तुरंत बाद कांग्रेस नेतृत्व ने सरिता चौहान के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की। एआईसीसी के राजस्थान प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा के आदेश पर सरिता चौहान को पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त होने के कारण तत्काल प्रभाव से छह वर्ष के लिए कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार के विरुद्ध चुनाव मैदान में उतरने के कारण यह कदम उठाया गया।

विश्वासघात का आरोप, हाईकमान को भेजी जाएगी रिपोर्ट

पार्टी पर्यवेक्षक और श्रीगंगानगर सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि यह जीत जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं की है। उन्होंने टिप्पणी की कि यदि पार्टी के विश्वासपात्र नेता बगावत न करते, तो निकिता डूडी और अधिक मतों से विजयी होतीं। इंदौरा के अनुसार, पार्टी ने पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल और उनकी बेटी सरिता चौहान पर भरोसा जताया था, लेकिन दोनों ने पार्टी से विश्वासघात किया। अनुशासनहीनता और पार्टी निर्णय की अवहेलना पर सरिता को निष्कासित किया गया है, वहीं चुनाव के पूरे घटनाक्रम की रिपोर्ट हाईकमान को भेजकर आगे के निर्णय के लिए रखा जाएगा।

भीतरघात के बीच एकजुटता की जीत, यह रहे मौजूद

पार्टी नेताओं ने कहा कि भाजपा व सत्ता के दबाव के अलावा कुछ नेताओं के भीतरघात और अन्य दलों के भाजपा से तालमेल जैसी चुनौतियों के बावजूद कार्यकर्ताओं की मेहनत, संघर्ष और एकजुटता से यह जीत मिली है। उन्होंने शीर्ष नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और बीकानेर की जनता का आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर नोखा विधायक सुशीला डूडी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. बीडी कल्ला, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, भंवर कूकणा, देहात अध्यक्ष श्याम पंचारिया, जिला चुनाव प्रभारी महेंद्र सिंह सोढ़ी, दिलीप सिंह आडसर, रेवंत सिंह राजपुरोहित, अशोक भाटी और सुरेंद्र सिंह शेखावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

टैग: #Bikaner Zila Pramukh Election, Nikita Dudi, Sarita Chauhan Expelled, Sukhjinder Singh Randhawa, Kuldeep Indora, Bikaner News, Rajasthan Politics, Kalam E Rajasthan

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें