गुरूवार, 26 नवम्बर 2026
KalameRajasthan

बेटे के जन्म के बाद 4 बार दर्शन करने आया, हर बार बंद मिले मंदिर के पट: ओरछा में दिग्विजय सिंह ने सुनाया जयवर्धन के जन्म से जुड़ा अनसुना किस्सा, बोले— रामराजा सरकार की कृपा से मिला पुत्र रत्न

RAJASTHAN Nov 26, 2026 Super Admin 8
शेयर:
ओरछा में दिग्विजय सिंह ने सुनाया जयवर्धन के जन्म से जुड़ा अनसुना किस्सा, बोले— रामराजा सरकार की कृपा से मिला पुत्र रत्न

कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, ओरछा। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह इन दिनों 'सत्य सनातन यात्रा' पर हैं। गुरुवार को उनकी यात्रा धार्मिक नगरी ओरछा पहुंची, जहां मंच से संबोधित करते हुए उन्होंने श्री रामराजा सरकार की असीम कृपा और अपने पुत्र जयवर्धन सिंह के जन्म से जुड़ा एक बेहद रोचक व भावनात्मक संस्मरण साझा किया। दिग्विजय सिंह ने बताया कि ओरछा के रामराजा सरकार से की गई एक विनती के ठीक एक वर्ष बाद उनके घर पुत्र जयवर्धन सिंह का जन्म हुआ।

रामराजा सरकार की कृपा से हुआ जयवर्धन का जन्म

मंच से पुराना वाकया याद करते हुए दिग्विजय सिंह ने बताया कि यह बात वर्ष 1985 के आसपास की है। उस समय वे अपनी पत्नी के साथ ओरछा स्थित श्री रामराजा सरकार के दर्शन करने आए थे। उनके साथ तत्कालीन कांग्रेस विधायक रामरतन चतुर्वेदी भी मंदिर में दर्शन के लिए मौजूद थे।

दर्शन करने के बाद रामरतन चतुर्वेदी ने उनसे कहा कि "राजा साहब, हमने रामराजा सरकार से एक विनती की है। हमने भगवान से प्रार्थना की है कि राजा साहब के चार बेटियां (मोड़ी) हैं, लेकिन बेटा (मोड़ा) नहीं है, इसलिए उन्हें पुत्र रत्न प्राप्त होना चाहिए।" दिग्विजय सिंह ने भावुक होते हुए कहा कि इसके बाद ऐसा अद्भुत संयोग बना कि ठीक एक साल बाद उनके घर जयवर्धन सिंह का जन्म हुआ। उन्होंने इसे साक्षात रामराजा सरकार का आशीर्वाद बताया।

चार बार दर्शन करने आया, हर बार बंद मिले मंदिर के पट

पूर्व मुख्यमंत्री ने इस प्रसंग से जुड़ा एक और चमत्कारी अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि जयवर्धन सिंह के जन्म के पश्चात वे चार बार ओरछा में रामराजा सरकार के दर्शन करने पहुंचे, लेकिन हर बार मंदिर के पट बंद मिले और वे दर्शन नहीं कर सके।

इस पर एक बार फिर रामरतन चतुर्वेदी ने उनसे कहा कि "राजा साहब, जब तक आप अपनी पत्नी और बेटे के साथ मंदिर में दर्शन करने नहीं आएंगे, तब तक आपको रामराजा सरकार दर्शन नहीं देंगे।" दिग्विजय सिंह ने बताया कि इसके बाद जब वे अपनी पत्नी और पुत्र जयवर्धन को साथ लेकर ओरछा पहुंचे, तो उन्हें मंदिर के पट खुले मिले और सपरिवार रामराजा सरकार के दिव्य दर्शन प्राप्त हुए। 

टैग: #Digvijay Singh, Orchha Ramraja Sarkar, Satya Sanatan Yatra, Jaivardhan Singh, Madhya Pradesh News, Congress News, Kalam E Rajasthan

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें