बहुमत के बावजूद चूरू में कांग्रेस की हार से सियासी बवाल: 17 सीटों वाली भाजपा को मिले 22 वोट, डोटासरा बोले— गद्दारों को बख्शा नहीं जाएगा: चूरू जिला प्रमुख चुनाव में क्रॉस वोटिंग पर भड़कीं कृष्णा पूनिया: कांग्रेस नेताओं व सदस्यों के नार्को टेस्ट की मांग उठाई
कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, चूरू। चूरू जिला प्रमुख चुनाव में स्पष्ट बहुमत होने के बावजूद कांग्रेस को मिली अप्रत्याशित हार के बाद पार्टी के भीतर का गुस्सा अब खुलकर सतह पर आ गया है। भारतीय जनता पार्टी की कनिका सिंह राठौड़ के जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद कांग्रेस की अंदरूनी कलह तेज हो गई है। पूर्व विधायक एवं राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की पूर्व अध्यक्ष डॉ. कृष्णा पूनिया ने पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही भितरघात करने वाले जिला परिषद सदस्यों और चूरू के सभी नेताओं का नार्को टेस्ट कराने की मांग उठाई है, ताकि क्रॉस वोटिंग की असलियत उजागर हो सके।
डॉ. कृष्णा पूनिया ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर कांग्रेस हाईकमान से इस प्रकरण में कठोर कदम उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि जिला प्रमुख चुनाव में पार्टी से भितरघात और क्रॉस वोटिंग करने वाले जिला परिषद सदस्यों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। इसके लिए पार्टी को एक उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित कर पूरे मामले की निष्पक्ष पड़ताल करानी चाहिए।
ऐसी कार्रवाई हो कि भविष्य में कोई गद्दारी का साहस न करे: कृष्णा पूनिया
अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में डॉ. पूनिया ने तीखे शब्दों में लिखा कि केवल जिला परिषद सदस्यों ही नहीं, बल्कि चूरू के सभी नेताओं का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए, जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो सके। उन्होंने कहा कि ऐसी नजीर पेश करने वाली कार्रवाई बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में कोई भी जनप्रतिनिधि या नेता अपनी ही पार्टी के साथ गद्दारी करने का दुस्साहस न कर सके।
17 सीटों वाली भाजपा को मिले 22 वोट, कनिका बोलीं— ससुर साहब का जादू चला
दरअसल, चूरू जिला परिषद की कुल 39 सीटों में से कांग्रेस ने 21, भाजपा ने 17 और माकपा ने 1 सीट पर जीत हासिल की थी। आंकड़ों के लिहाज से कांग्रेस के पास स्पष्ट बहुमत था, जबकि भाजपा बहुमत के जादुई आंकड़े से तीन सीट पीछे थी। इसके बावजूद जिला प्रमुख चुनाव में भाजपा उम्मीदवार कनिका सिंह राठौड़ को 22 मत प्राप्त हुए और कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश बुडानिया को हार झेलनी पड़ी। क्रॉस वोटिंग ने पूरे चुनावी समीकरण को पलट दिया।
जीत दर्ज करने के बाद नवनिर्वाचित जिला प्रमुख कनिका सिंह राठौड़ ने अपने बयान से सियासी चर्चाओं को और हवा दे दी। उन्होंने कहा कि "ससुर साहब का जादू चला, तभी तो 17 सीटों के बावजूद 22 वोट मिले।"
सरदारशहर से मितासर तक भाजपा कार्यकर्ताओं ने मनाया जश्न
कनिका सिंह राठौड़ के जिला प्रमुख निर्वाचित होने के बाद भाजपा खेमे में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। सरदारशहर के गांधी चौक पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर मिठाइयां बांटीं और एक-दूसरे को जीत की बधाई दी। इस अवसर पर भाजपा नेता राकेश टाक, ओबीसी मोर्चा जिलाध्यक्ष एडवोकेट मुरलीधर सैनी, डॉ. सत्यनारायण झाझरिया, राजकरण सोनी, बाबूलाल प्रजापत और पार्षद दीपक बेद समेत अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं, कनिका सिंह के गांव मितासर में भी डॉ. मुलायम सिंह राजवी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर जश्न मनाया।
बीकानेर में कार्रवाई, अब चूरू और डीग में क्रॉस वोटिंग करने वालों पर नजर
इधर, पंचायत चुनावों में भितरघात के मामलों पर कांग्रेस प्रदेश नेतृत्व ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने बीकानेर में पूर्व मंत्री गोविंदराम मेघवाल की बेटी सरिता चौहान को पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया है। डोटासरा ने दो टूक कहा कि पार्टी से गद्दारी करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और चूरू सहित बीकानेर व डीग में क्रॉस वोटिंग करने वालों को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
हमसे जुड़ें



