सोमवार, 23 नवम्बर 2026
KalameRajasthan

14-14 पर अटकी बीजेपी-कांग्रेस: चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में सियासी घमासान: आरएलपी सदस्य शंकरी बाई ने वीडियो जारी कर बीजेपी को दिया समर्थन

Nov 23, 2026 Super Admin 13
शेयर:
चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में सियासी घमासान: आरएलपी सदस्य शंकरी बाई ने वीडियो जारी कर बीजेपी को दिया समर्थन

कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति में प्रधान पद और बोर्ड गठन से ठीक पहले सियासी पारा चरम पर पहुंच गया है। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) की एकमात्र विजयी सदस्य शंकरी बाई भील ने भारतीय जनता पार्टी को समर्थन देने का एलान कर राजनीतिक समीकरण बदल दिए हैं। रविवार को जारी एक वीडियो संदेश में उन्होंने स्पष्ट किया कि वार्ड के विकास कार्यों को गति देने के लिए उन्होंने स्वेच्छा से यह निर्णय लिया है।

इससे पूर्व आरएलपी के जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने निर्दलीय विधायक चंद्रभान सिंह आक्या और उनके समर्थकों पर शंकरी बाई को जबरन साथ ले जाने का गंभीर आरोप लगाया था, जिससे जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

29 सदस्यीय पंचायत समिति में 'किंगमेकर' बनीं शंकरी बाई

चित्तौड़गढ़ पंचायत समिति की कुल 29 सीटों में से बीजेपी और कांग्रेस दोनों को 14-14 सीटें मिली हैं। ऐसे में बहुमत के लिए आवश्यक 15 के जादुई आंकड़े तक पहुंचने के लिए वार्ड संख्या 24 से जीतीं आरएलपी सदस्य शंकरी बाई की भूमिका निर्णायक हो गई है। चुनाव में शंकरी बाई को 1,674 मत प्राप्त हुए थे, जबकि बीजेपी की अंजलि जाट को 882 और कांग्रेस की गीताबाई को 558 वोट मिले थे। उन्होंने 792 मतों के अंतर से जीत दर्ज की थी।

आरएलपी जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट का दावा है कि मुलाकात के दौरान विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने बीजेपी के पक्ष में समर्थन मांगा और शंकरी बाई को उपप्रधान बनाने का प्रस्ताव दिया। जाट के अनुसार, उन्होंने पार्टी सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल से चर्चा के बाद ही कोई फैसला लेने की बात कही थी, लेकिन इसके बाद गाड़ियां बदलते हुए शंकरी बाई को चित्तौड़गढ़ ले जाया गया।

शंकरी बाई और पति ने वीडियो जारी कर आरोपों को नकारा

विवाद बढ़ने के बीच शंकरी बाई ने वीडियो जारी कर कहा कि उन्होंने अपने क्षेत्र के विकास के लिए बिना किसी दबाव के बीजेपी को समर्थन देने का फैसला किया है। उनके पति रतनलाल ने भी एक अलग वीडियो जारी कर किसी प्रकार की जोर-जबरदस्ती से साफ इनकार किया और बताया कि वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।

कलेक्ट्रेट चौराहे पर आरएलपी के धरने का एलान, विधायक की सफाई

दूसरी ओर, आरएलपी जिला प्रभारी बद्रीलाल जाट ने सोमवार को चित्तौड़गढ़ के कलेक्ट्रेट चौराहे पर धरना-प्रदर्शन करने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि प्रदर्शन के माध्यम से शंकरी बाई को वापस लाने की मांग उठाई जाएगी। इस पूरे मामले में नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के भी चित्तौड़गढ़ पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होने की चर्चाएं तेज हैं।

वहीं, आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए चित्तौड़गढ़ विधायक चंद्रभान सिंह आक्या ने कहा कि वायरल वीडियो के माध्यम से उनकी छवि धूमिल करने की साजिश रची जा रही है। 

टैग: #Chittorgarh Panchayat Samiti, Shankari Bai Bhil, RLP, BJP, Chandrabhan Singh Aakya, Hanuman Beniwal, Chittorgarh News, Rajasthan Politics, Kalam E Rajasthan

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें