'गांवों की सरकार' का जनादेश आज: 8,818 वार्डों की गिनती, शाम तक हारने वालों की घर वापसी और जीतने वालों की कैंप में घेराबंदी: राजस्थान पंचायत चुनाव मतगणना आज: 37 जिलों में 29,177 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला, बीजेपी के दावे व कांग्रेस के युवा दांव पर सबकी नजर
कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, जयपुर। राजस्थान की सियासत में 'गांवों की सरकार' की तस्वीर आज साफ होने जा रही है। प्रदेश के 37 जिलों में पंचायत चुनाव की मतगणना के साथ ही ईवीएम में बंद करीब ढाई करोड़ मतदाताओं के जनादेश की परख होगी। इस चुनावी संग्राम में 29 हजार 177 प्रत्याशियों की सियासी साख दांव पर लगी है। कुल 8,818 वार्डों के परिणाम आने हैं, जिनमें जिला परिषद के 1,275 वार्डों (4,069 उम्मीदवार) और 419 पंचायत समितियों के 7,543 वार्डों (25,108 उम्मीदवार) के भविष्य का फैसला आज होगा।
मतगणना से पहले बीजेपी के दावे, सियासी पारा गरम
नतीजों की घड़ी नजदीक आते ही सियासी गलियारों में गुणा-गणित तेज हो गया है। गुरुवार को बीजेपी खेमे में खासी हलचल रही। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश नेतृत्व ने चुनाव प्रभारियों से जो फीडबैक रिपोर्ट ली है, उसमें लगभग 27 जिलों में जिला प्रमुख की कुर्सी तक पहुंचने के लिए स्पष्ट बहुमत मिलने का आकलन किया गया है। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने भी एक दिन पहले दावा किया था कि पंचायत चुनाव में पार्टी को निकाय चुनाव से भी बड़ा जनादेश मिलेगा। हालांकि, दावों और फीडबैक की जमीनी हकीकत आज शाम तक मतपेटियों व ईवीएम से निकलने वाले आंकड़ों में सामने आ जाएगी।
हारने वालों की घर वापसी, विजयी उम्मीदवारों का कैंप जारी रहेगा
चुनाव परिणाम के साथ ही बीजेपी के प्रशिक्षण शिविरों (बाड़ेबंदी) को लेकर भी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। बीते करीब एक सप्ताह से पार्टी के उम्मीदवार अलग-अलग होटलों, रिजॉर्ट और धर्मशालाओं में ठहरे हुए हैं। रणनीतिकारों के अनुसार, आज जो प्रत्याशी चुनाव हारेंगे, उनका प्रशिक्षण शिविर समाप्त कर शाम तक उन्हें घर भेज दिया जाएगा। वहीं, जीत दर्ज करने वाले उम्मीदवारों को जिला प्रमुख और प्रधान के चुनाव संपन्न होने तक कैंप में ही रखा जाएगा।
उधर, चुनाव प्रक्रिया के दौरान कांग्रेस ने बीजेपी पर सत्ता के दुरुपयोग और समर्थन जुटाने के लिए करोड़ों रुपये के प्रलोभन देने के गंभीर आरोप लगाए हैं, जिन्हें बीजेपी नेतृत्व ने सिरे से खारिज कर दिया है।
कांग्रेस का '50-50' युवा दांव, डोटासरा की नई रणनीति
बीजेपी के दावों के बीच कांग्रेस ने भी जिला प्रमुख और पंचायत समिति प्रधान के पदों को साधने के लिए सियासी बिसात बिछानी शुरू कर दी है। पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने संगठन में नई ऊर्जा भरने के लिए युवा नेतृत्व पर बड़ा दांव चला है। उन्होंने स्पष्ट लक्ष्य रखा है कि पार्टी के हिस्से में आने वाले कुल जिला प्रमुख और प्रधान पदों में से 50 फीसदी नेतृत्व 50 वर्ष से कम आयु के नेताओं को दिया जाएगा। इस कदम के पीछे डोटासरा की मंशा गांव-ढाणी स्तर पर नए चेहरे आगे लाकर आगामी बड़े चुनावों के लिए पार्टी की जमीनी पकड़ मजबूत करने की है।
राजस्थान में काउंटिंग के बीच यूपी मिशन पर रवाना हुईं 45 महिला नेत्रियां
एक तरफ प्रदेश में पंचायत चुनाव के नतीजों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी चरम पर है, तो दूसरी ओर बीजेपी ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भी सक्रियता बढ़ा दी है। गुरुवार को जयपुर स्थित प्रदेश कार्यालय से बीजेपी महिला मोर्चा की करीब 45 महिला कार्यकर्ताओं का जत्था यूपी के लिए रवाना हुआ। इस दल में पूर्व सांसद, पूर्व विधायक और पूर्व मेयर भी शामिल हैं।
प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़ की मौजूदगी में ढोल-नगाड़ों के बीच बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह टोली यूपी में चुनावी प्रशिक्षण लेने के बाद विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जन जागरण अभियान चलाएगी और 'फिर योगी सरकार, बीजेपी सरकार' का संदेश पहुंचाएगी।
रवानगी के दौरान मदन राठौड़ ने योगी सरकार की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में गुंडाराज पर अंकुश लगा है, अपराधियों की अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर कार्रवाई हुई है और पलायन की जगह अब स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं। जब उनसे यह पूछा गया कि क्या योगी आदित्यनाथ ही यूपी में मुख्यमंत्री का चेहरा होंगे, तो उन्होंने संतुलित जवाब देते हुए कहा कि फिलहाल पार्टी योगी के नेतृत्व में चुनाव मैदान में है और मुख्यमंत्री चेहरे पर अंतिम निर्णय राष्ट्रीय नेतृत्व करेगा।
हमसे जुड़ें


