सोमवार, 23 नवम्बर 2026
KalameRajasthan

57 में से 41 सीटें जीतकर कांग्रेस ने बनाई बढ़त: जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत, अब जिला प्रमुख के चेहरे पर मंथन

jaipur, rajasthan Nov 23, 2026 Super Admin 5
शेयर:
जयपुर जिला परिषद में कांग्रेस का स्पष्ट बहुमत, अब जिला प्रमुख के चेहरे पर मंथन

जयपुर जिला परिषद चुनाव में 57 में से 41 सीटों पर जीत दर्ज कर स्पष्ट बहुमत हासिल करने के बाद अब कांग्रेस के सामने सबसे बड़ी परीक्षा जिला प्रमुख का चेहरा तय करने की है। एक ओर संगठन में लंबे समय से सक्रिय अनुभवी नेताओं को अवसर देने का दबाव है, तो दूसरी ओर बड़े अंतर से जीतकर आए युवा चेहरों को कमान सौंपने का विकल्प खुला है। इस महत्वपूर्ण पद पर अंतिम मुहर प्रदेश नेतृत्व को ही लगानी है।

जिला प्रमुख की दौड़ में युवा कांग्रेस के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी से लेकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष और युवा महिला प्रतिनिधियों तक के नाम प्रमुखता से उभरे हैं। इनमें यशवीर सिंह सूरा, श्रवण कुमार गुर्जर, तनु शर्मा, सुनील कुमार कुमावत और सुमन कुमारी सामोता के नाम सियासी गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जातीय समीकरण, क्षेत्रीय संतुलन और महिला प्रतिनिधित्व इस चयन में निर्णायक भूमिका निभाएंगे। कांग्रेस के समक्ष जीत के अंतर, संगठन के प्रति निष्ठा, राजनीतिक अनुभव और सामाजिक समीकरणों के बीच सधा हुआ संतुलन बनाने की चुनौती है।

यशवीर सिंह सूरा: संगठन के अनुभव और सक्रियता का दम

युवा कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष यशवीर सिंह सूरा जिला प्रमुख पद के मजबूत दावेदारों में शुमार हैं। संगठन में उनकी लंबी सक्रियता और कार्यशैली उनकी सबसे बड़ी ताकत मानी जा रही है। उन्होंने वार्ड संख्या 28 से भाजपा उम्मीदवार को 3,211 मतों के अंतर से शिकस्त दी है। संगठन के अनुभव और युवा नेतृत्व का समन्वय उनकी दावेदारी को वजन दे रहा है।

तनु शर्मा: युवा महिला नेतृत्व पर दांव की संभावना

24 वर्षीय तनु शर्मा जयपुर जिला परिषद की सबसे कम उम्र की महिला सदस्यों में शामिल हैं। उन्होंने वार्ड 39 से 6,348 मतों के बड़े अंतर से जीत हासिल कर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। युवा सोच और महिला प्रतिनिधित्व के लिहाज से उनका नाम तेजी से आगे बढ़ा है। यदि प्रदेश नेतृत्व किसी युवा महिला चेहरे को आगे लाने का निर्णय लेता है, तो तनु की दावेदारी बेहद मजबूत हो सकती है।

श्रवण कुमार गुर्जर: भारत जोड़ो यात्रा से जुड़े जमीनी नेता

जमवारामगढ़ के बहलोड निवासी श्रवण कुमार गुर्जर वर्तमान में आंधी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हैं। वे वर्ष 2005 से 2010 तक ग्राम पंचायत बहलोड के सरपंच भी रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त वे राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में कन्याकुमारी से श्रीनगर तक पैदल चले थे। जमीनी सक्रियता और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व उनकी दावेदारी का मुख्य आधार है।

सुनील कुमार कुमावत: सबसे बड़ी जीत से मजबूत किया दावा

सुनील कुमार कुमावत ने वार्ड संख्या 18 से भाजपा की रमा देवी को 7,096 मतों के भारी अंतर से पराजित कर इस चुनाव की सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। रिकॉर्ड जीत के अंतर और युवा चेहरे की वजह से उनका दावा काफी मजबूत माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व उनकी लोकप्रियता और जनाधार को देखते हुए उन पर विचार कर सकता है।

सुमन कुमारी सामोता: महिला और ओबीसी समीकरणों में फिट

सुमन कुमारी सामोता ने वार्ड संख्या 1 में भाजपा प्रत्याशी को 2,962 मतों से हराकर जीत हासिल की है। महिला और ओबीसी वर्ग के प्रतिनिधित्व के दृष्टिकोण से उनका नाम भी संभावित दावेदारों की सूची में शामिल है। यदि कांग्रेस सामाजिक व जातीय समीकरणों को साधने की रणनीति पर आगे बढ़ती है, तो उनके नाम पर गंभीरता से विचार संभव है। 

टैग: #Jaipur Zila Parishad, Jaipur Zila Pramukh, Rajasthan Congress, Panchayat Election Results, Yashveer Singh Sura, Tanu Sharma, Sunil Kumar Kumawat

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें