'मैं ऐसा कुछ करूंगा किसी को शिकायत नहीं होगी', गिरफ्तारी के बाद पूर्व मंत्री महेश जोशी का बयान वायरल
राजस्थान की गहलोत सरकार में जलदाय मंत्री रहे महेश जोशी (Mahesh Joshi) को गुरुवार सुबह एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने गिरफ्तार कर लिया. ACB ने यह कार्रवाई 979.45 करोड़ रुपये के कथित जल जीवन मिशन घोटाला (JJM Scam) मामले में एफआईआर दर्ज करने के करीब 6 महीने बाद की. जब अधिकारी महेश जोशी को कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रहे थे, जब उन्होंने मीडिया से बातचीत में बड़ा बयान दिया.
'सरकार ने मैरिज एनिवर्सरी पर गिरफ्तार करके मेरी पत्नी को श्रद्धांजलि दी'
महेश जोशी ने कहा, 'मैं अगर खुद को निर्दोष साबित नहीं कर सका, तो मैं कुछ ऐसा करूंगा कि मेरे से किसी को कोई शिकायत नहीं होगी. आज मेरी शादी की सालगिरह है. मुझे अरेस्ट सरकार ने मेरी पत्नी को श्रद्धांजलि दी है. लेकिन अन्याय बहुत दिन नहीं चलता. मैंने पहले भी कहा था- सत्य परेशान हो सकता है, पराजित नहीं हो सकता. मैं सच्चा हूं, लेकिन फिलहाल अरेस्ट होने से परेशान हूं, क्योंकि ये कोई शाबाशी की बात नहीं है.'
'मैंने जिन पर कार्रवाई की थी, उनसे बयान लेकर मुझे फंसाया जा रहा है'
महेश जोशी ने आगे कहा, 'मुझे आज तक एंटी करप्शन ब्यूरो की तरफ से कोई नोटिस नहीं मिला है. केस के मामले में कोई टिप्पणी नहीं करूंगा. मैं सिर्फ अपने मामले में कह रहा हूं कि मैं निर्दोष हूं. सत्ता में रहते हुए जिन लोगों के खिलाफ मैंने कार्रवाई की, उनसे बयान लेकर मेरे पर यह कार्रवाई की जा रही है, जो किसी भी तरह से ठीक नहीं है.'
पिछले साल ही हुआ था पूर्व मंत्री की पत्नी कोशल देवी का निधन
बताते चलें कि महेश जोशी की पत्नी कोशल देवी का 28 अप्रैल 2025 को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था. उन्हें किडनी सहित कई गंभीर बीमारियां थीं और ब्रेन हेमरेज के चलते वे अचेत अवस्था में मणिपाल हॉस्पिटल में भर्ती थीं. उनके निधन से एक दिन पहले ही ED ने कोर्ट से अनुमति लेकर अस्पताल में पूर्व मंत्री की उनकी पत्नी से मुलाकात कराई थी. इसके बाद पूर्व मंत्री को 7 दिन की परौल भी गई थी.
पिछले साल दिसंबर में ही सुप्रीम कोर्ट ने दी थी जमानत
यह भी बता दें कि जेजेएम घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस की जांच ED कर रही है. पहले महेश जोशी को ED ने गिरफ्तार किया था. करीब 7 महीने जेल में रहने के बाद 3 दिसंबर 2025 को ही सुप्रीम कोर्ट ने राजस्थान हाईकोर्ट का फैसला पलटते हुए उन्हें जमानत दी थी. लेकिन अब वे वापस जेल की सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं.
हमसे जुड़ें



