मंगलवार, 24 नवम्बर 2026
KalameRajasthan

दामाद, ससुर और देवर ने लाठी-कुल्हाड़ी से किया हमला: झुंझुनूं में सनसनीखेज वारदात: बेटी के ससुराल विवाद सुलझाने आए 66 वर्षीय रिटायर्ड सूबेदार की पीट-पीटकर हत्या

jhunjhunu , Rajasthan Nov 24, 2026 Super Admin 17
शेयर:
झुंझुनूं में सनसनीखेज वारदात: बेटी के ससुराल विवाद सुलझाने आए 66 वर्षीय रिटायर्ड सूबेदार की पीट-पीटकर हत्या

कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, झुंझुनूं। सूरजगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चिड़ावा बायपास पर पारिवारिक विवाद सुलझाने पहुंचे 66 वर्षीय पूर्व सैनिक की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दिए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, रिटायर्ड सूबेदार सुरेश कुमार की मौत सिर में गंभीर चोटें लगने के कारण हुई है।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा के रूडरोल गांव निवासी रिटायर्ड सूबेदार सुरेश कुमार (66) रविवार को अपनी बेटी के पारिवारिक विवाद का समाधान करने के उद्देश्य से दामाद के घर आए थे। आरोप है कि इस दौरान बेटी के ससुर मंदरूप, पति होशियारसिंह और देवर जसवीर ने उन पर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी तथा कस्सी से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वे लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

सूचना मिलते ही पुलिस व एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल सुरेश कुमार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

बेटी और बच्चों की पढ़ाई के लिए चिड़ावा में दिलाया था अलग मकान

मृतक के परिजनों ने बताया कि सुरेश कुमार की बेटी मोनू सरकारी शिक्षिका हैं। बच्चों की शिक्षा और बेहतर परवरिश को ध्यान में रखते हुए एक माह पूर्व ही सुरेश कुमार ने बेटी को चिड़ावा में अलग किराए का मकान दिलवाया था, जिसका किराया भी वे स्वयं ही वहन कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, रविवार को सुरेश अपनी बेटी से मिलने चिड़ावा आए थे और दिनभर उसके आवास पर ही रुके थे।

2012 में हुई थी शादी, तभी से चल रहा था प्रताड़ना का दौर

परिजनों के मुताबिक, मोनू का विवाह वर्ष 2012 में मनोहरपुरा निवासी मंदरूप के पुत्र होशियारसिंह के साथ संपन्न हुआ था। शादी के कुछ समय बाद से ही मोनू को घरेलू कलह और दहेज की मांग को लेकर लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मायके पक्ष ने कई बार सामाजिक स्तर पर समझाइश कर विवाद निपटाने का प्रयास किया, लेकिन ससुराल पक्ष के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है। 

टैग: #Jhunjhunu News, Surajgarh Police Station, Chidawa Bypass, Retired Subedar Murder, Rajasthan Crime News, Kalam E Rajasthan

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें