शनिवार, 21 नवम्बर 2026
KalameRajasthan

पाटोत्सव पर खाटूधाम में उमड़ा आस्था का सैलाब, 1400 जवानों व 270 सीसीटीवी से कड़ी निगरानी: खाटूश्यामजी पाटोत्सव मेला आज से शुरू: आधी रात जश्न और आतिशबाजी के बीच गूंजे जयकारे, प्रशासन ने कसी कमर

RAJASTHAN Nov 20, 2026 Super Admin 17
शेयर:
खाटूश्यामजी पाटोत्सव मेला आज से शुरू: आधी रात जश्न और आतिशबाजी के बीच गूंजे जयकारे, प्रशासन ने कसी कमर

कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, सीकर। विश्वविख्यात धार्मिक स्थल सीकर के खाटूश्यामजी में बाबा श्याम के पाटोत्सव मेले की शुरुआत आज 20 नवंबर से हो रही है। कार्तिक शुक्ल एकादशी और द्वादशी के पावन अवसर पर आयोजित इस दो दिवसीय मेले के लिए मंदिर समिति, जिला प्रशासन और नगरपालिका ने सुरक्षा, यातायात, पेयजल, स्वास्थ्य व सफाई समेत तमाम तैयारियां पूरी कर ली हैं।

पाटोत्सव के आगाज के साथ ही रात 12 बजते ही खाटूधाम के तोरणद्वार पर उत्साह का माहौल बन गया। देशभर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के जन्मोत्सव पर केक काटकर खुशियां मनाईं और आतिशबाजी के बीच जयकारे लगाए। प्रशासन द्वारा आतिशबाजी पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद देर रात से तड़के तक कई स्थानों पर आतिशबाजी होती रही।
Image

1400 सुरक्षाकर्मी और 270 कैमरों से निगरानी

मेले में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए फाल्गुनी लक्खी मेले की तर्ज पर सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। करीब 1400 सुरक्षाकर्मी और होमगार्ड तैनात किए गए हैं, जबकि मंदिर परिसर व पूरे मेला क्षेत्र पर 270 सीसीटीवी कैमरों के जरिए नजर रखी जा रही है।

महंत मोहनदास महाराज चौहान के मुताबिक, रींगस रोड से आने वाले भक्त लामिया तिराहा, चारण मेला मैदान और लखदातार ग्राउंड से होते हुए 75 फीट मार्ग के रास्ते मुख्य मेला ग्राउंड पहुंचेंगे। भीड़ बढ़ने पर चारण मेला मैदान की तीन कतारों और लखदातार ग्राउंड के छह ब्लॉकों से श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए आगे बढ़ाया जाएगा। 
Image

44 घंटे नो व्हीकल जोन, वैकल्पिक मार्ग तय

पदयात्रियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए रींगस से खाटूश्यामजी मार्ग को 44 घंटे के लिए नो व्हीकल जोन घोषित किया गया है। श्रद्धालु रींगस से लांपुवा व चौमू पुरोहितान होते हुए खाटूधाम पहुंच रहे हैं। वाहन चालकों के लिए एनएच-52 से ठिकरिया व शाहपुरा होते हुए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है। रींगस थानाधिकारी राजेंद्र सिंह कमांडो ने आमजन व श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

पेयजल, चिकित्सा और आपात सेवाएं

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 10 लाख पानी के पाउच की व्यवस्था की गई है। आपात चिकित्सा के लिए तीन एंबुलेंस व पांच प्रमुख स्थानों पर मेडिकल कैंप लगाए गए हैं, जबकि उपजिला अस्पताल में चार चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ 24 घंटे तैनात रहेंगे। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए चार दमकल वाहन भी मुस्तैद रखे गए हैं।

सफाई, शौचालय और क्राउड मैनेजमेंट

मेला क्षेत्र की साफ-सफाई के लिए 350 सफाईकर्मी और आठ ट्रैक्टर लगाए गए हैं। एक बड़ी व चार छोटी क्रेन तथा तीन खोया-पाया उद्घोषणा केंद्र भी बनाए गए हैं। मोबाइल टॉयलेट सहित 20 से 25 स्थानों पर 24 घंटे शौचालय सुविधा उपलब्ध रहेगी, साथ ही होटल, गेस्ट हाउस व धर्मशालाओं में भी शौचालय व्यवस्था अनिवार्य की गई है।

नगरपालिका के ईओ सहदेवदान चारण ने बताया कि अतिक्रमण हटाने, रास्तों पर टीनशेड लगाने, सेल्फी पॉइंट तैयार करने और मंदिर के निकास मार्ग के निर्माणाधीन गड्ढे को भरवाने का कार्य कराया गया है।

वीआईपी दर्शन व आतिशबाजी पर प्रतिबंध, भव्य सजावट

सामान्य श्रद्धालुओं के सुगम दर्शन के लिए प्रोटोकॉल के अतिरिक्त वीआईपी दर्शन बंद रहेंगे। जिला कलेक्टर ने स्पष्ट किया है कि मेले के दौरान आतिशबाजी और पटाखों की खरीद-फरोख्त पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा तथा उल्लंघन करने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।

विद्युत सुरक्षा के लिए मंदिर कमेटी, नगरपालिका और विद्युत विभाग संयुक्त ऑडिट कर रहे हैं ताकि कहीं भी ढीले या झूलते तार न रहें। वहीं, मथुरा व वृंदावन से आए कारीगरों ने देश-विदेश के कृत्रिम फूलों और कलाकृतियों से श्याम दरबार को सजाया है, जहां राधा-कृष्ण, श्रीकृष्ण व श्रीराम सहित अन्य देवी-देवताओं की झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हैं।

टैग: #Khatushyamji, Patotsav Mela, Baba Shyam Birthday, Sikar News, Khatudham, Ringas Khatu Route, No Vehicle Zone, Rajasthan News, Kalam E Rajasthan

हमसे जुड़ें

शेयर करें:

संबंधित ख़बरें