फलोदी जिला परिषद पर कांग्रेस का एकतरफा कब्जा: 21-2 के बड़े अंतर से जीतीं यशवंत कंवर, अगले पांच साल संभालेंगी कमान: नवगठित फलोदी जिले को मिली पहली जिला प्रमुख: कांग्रेस की यशवंत कंवर ने भाजपा की सरिता भादू को 19 मतों से दी शिकस्त
कलम ए राजस्थान न्यूज़ डेस्क, फलोदी। नवगठित फलोदी जिले के सियासी इतिहास में पहली बार संपन्न हुए जिला प्रमुख के चुनाव में कांग्रेस ने एकतरफा जीत हासिल की है। कांग्रेस प्रत्याशी यशवंत कंवर फलोदी की पहली जिला प्रमुख निर्वाचित हुई हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी की उम्मीदवार सरिता भादू को 19 मतों के बड़े अंतर से पराजित किया। मतदान में यशवंत कंवर को कुल 21 वोट प्राप्त हुए, जबकि भाजपा प्रत्याशी सरिता भादू महज 2 मतों पर सिमट गईं। इस जीत के साथ ही आगामी पांच वर्षों के लिए फलोदी जिला परिषद की सत्ता कांग्रेस के हाथों में आ गई है।
इससे पहले फलोदी जिला परिषद के चुनाव परिणामों में भी कांग्रेस का स्पष्ट दबदबा देखने को मिला था। कुल 23 वार्डों में से कांग्रेस ने 21 सीटों पर विजय पताका फहराई थी, जबकि भाजपा के खाते में केवल 2 सीटें आई थीं। जिला प्रमुख के चुनाव में भी यही संख्या बल पूरी तरह कायम रहा। कांग्रेस के सभी 21 सदस्यों ने एकजुट होकर यशवंत कंवर के पक्ष में मतदान किया, वहीं भाजपा प्रत्याशी को पार्टी के दोनों सदस्यों के वोट मिले। इस तरह कांग्रेस ने सहजता से जिला प्रमुख की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया।
कौन हैं फलोदी की पहली जिला प्रमुख यशवंत कंवर?
कांग्रेस की नवनिर्वाचित जिला प्रमुख यशवंत कंवर वार्ड संख्या 22 से जिला परिषद सदस्य चुनी गई हैं। 36 वर्षीय यशवंत कंवर स्नातक शिक्षित हैं और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुंभ सिंह पातावत की पुत्रवधू हैं। नामांकन के दौरान प्रस्तुत चुनावी हलफनामे के अनुसार उनकी कुल संपत्ति 23 लाख 58 हजार रुपये दर्ज है। अब वे नवगठित फलोदी जिले की पहली जिला प्रमुख के रूप में विकास कार्यों की कमान संभालेंगी।
भाजपा प्रत्याशी सरिता भादू को मिली हार
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने वार्ड संख्या 4 से निर्वाचित 26 वर्षीय सरिता भादू को जिला प्रमुख पद का उम्मीदवार बनाया था। 12वीं पास सरिता भादू भाजपा के वरिष्ठ नेता रामनिवास भादू की पुत्रवधू हैं और क्षेत्र में सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं। हालांकि, जिला परिषद में भाजपा के पास महज दो सदस्य होने के कारण संख्या बल के लिहाज से उनकी राह पहले से ही बेहद चुनौतीपूर्ण मानी जा रही थी।
नए जिले की राजनीति में कांग्रेस ने स्थापित किया वर्चस्व
राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, फलोदी जिला प्रमुख चुनाव का यह परिणाम नवगठित जिले की राजनीति में दूरगामी असर डालेगा। पहली बार गठित जिला परिषद में 23 में से 21 सीटें जीतने के बाद जिला प्रमुख चुनाव में 21-2 के नतीजे ने जिले में भाजपा के मुकाबले कांग्रेस की मजबूत सियासी पकड़ पर मुहर लगा दी है।
हमसे जुड़ें


