राजस्थान में मौसम का यू-टर्न, आंधी-बारिश के साथ ओलावृष्टि; गर्मी से मिली राहत
सीकर जिले में भीषण गर्मी के बीच मंगलवार देर रात अचानक मौसम ने करवट ली, और आकाशीय बिजली की तेज गड़गड़ाहट के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हुआ, जो अल सुबह तक रुक-रुक कर तेज हवाओं के साथ जारी रहा. सीकर शहर सहित कई इलाकों में सुबह करीब 4 बजे तेज हवाओं के साथ चने के आकार के ओले भी गिरे.
2 घंटे तक रुक-रुक कर तेज बारिश
करीब 2 घंटे तक रुक रुककर हुई तेज बारिश के चलते सीकर शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालकों सहित राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को काफी राहत दी है. बारिश और ओलावृष्टि के बाद जिले के तापमान में भी भारी गिरावट दर्ज की गई है.
कई दिनों से तापमान 40 डिग्री के पार चल रहा था
शेखावाटी सहित सीकर जिले में पिछले कई दिनों से तापमान 40 डिग्री पार चल रहा था, लेकिन देर रात शुरू हुई बारिश और ओलावृष्टि के बाद तापमान में गिरावट आएगी, और लोगों को भी भीषण गर्मी से कुछ राहत मिली है. मौसम विभाग ने पहले ही आज अंचल में तेज हवाओं, अंधड़ और बारिश की चेतावनी जारी की थी, जो अब सटीक साबित हुई.
फिलहाल मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है, लेकिन बारिश और जलभराव ने एक बार फिर सीकर नगर परिषद के बारिश के पानी निकासी के गांव की पोल खोलते हुए लोगों के लिए परेशानियां भी खड़ी कर दी हैं.
बदलाव अस्थायी से राहत देगा
मौसम विभाग ने कहा है कि यह बदलाव अस्थायी राहत जरूर देगा, लेकिन प्रदेश अभी भी हीटवेव की चपेट में बना हुआ है. पिछले 48 घंटों के आंकड़ों में पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप सबसे ज्यादा देखने को मिला है. जैसलमेर में अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बाड़मेर 46 डिग्री के साथ दूसरे स्थान पर रहा. पूर्वी राजस्थान में वनस्थली और कोटा में पारा 45.7 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक है.
जयपुर में गर्मी का असर
जयपुर में भी गर्मी का असर बना हुआ है और अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. पिलानी, चित्तौड़गढ़ और फलौदी जैसे इलाकों में भी तापमान 45 डिग्री के आसपास बना हुआ है. न्यूनतम तापमान भी कई शहरों में 25 से 31 डिग्री के बीच रहने से रात में राहत नहीं मिल रही है.
कुल मिलाकर राजस्थान इस समय दोहरी मार झेल रहा है, एक तरफ भीषण गर्मी और दूसरी तरफ अचानक बदलता मौसम. ऐसे में अगले कुछ दिन मौसम का यह उतार-चढ़ाव लोगों के लिए राहत और परेशानी दोनों लेकर आ सकता है.
हमसे जुड़ें



