जयपुर में आज IPL मैच और VIP मूवमेंट से इन रास्तों पर है 'नो एंट्री', घर से निकलने से पहले देख लें नई ट्रैफिक गाइडलाइन
जयपुरवासियों के लिए शनिवार का दिन ट्रैफिक के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाला है. शहर में एक तरफ उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन और चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया सूर्यकांत की मौजूदगी है, वहीं दूसरी तरफ शाम 7:30 बजे से एसएमएस स्टेडियम में आईपीएल का रोमांच शुरू होगा. इन बड़े आयोजनों को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने जेएलएन मार्ग, टोंक रोड और सी-स्कीम सहित कई इलाकों में रूट डायवर्ट किए हैं.
दिन में VIP मूवमेंट, शाम को IPL का 'जाम'
उपराष्ट्रपति के दौरे के दौरान दिनभर जेएलएन मार्ग (JLN Marg) और टोंक रोड पर दबाव रहेगा. वहीं शाम को क्रिकेट प्रेमियों की भीड़ के कारण रामबाग चौराहा, सहकार मार्ग, लालकोठी और सी-स्कीम क्षेत्रों में भारी जाम की स्थिति बन सकती है.
मैच के लिए पुलिस की विशेष ट्रैफिक गाइडलाइन
जयपुर पुलिस ने आज शहर में होने वाले बड़े आयोजनों को देखते हुए विशेष ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है. यूनिवर्सिटी गेट की ओर से आने वाले वाहनों को जनता स्टोर की तरफ मोड़ा जाएगा, जबकि टोंक रोड पर दबाव कम करने के लिए गांधीनगर मोड़ और RBI कट से ट्रैफिक को अन्य रास्तों पर भेजा जाएगा.
JDA चौराहा और विधानसभा तिराहा रूट
इसी तरह, JDA चौराहा से आने वाले वाहन गांधी और त्रिमूर्ति सर्किल की ओर डाइवर्ट किए जाएंगे. सुरक्षा और सुचारू व्यवस्था के लिए पंकज सिंघवी मार्ग से विधानसभा तिराहा के बीच भी ट्रैफिक को जरूरत के अनुसार बदला जाएगा.

मैप में आसानी से समझें कि आज जयपुर में कौन से रास्ते बंद हैं और जाम से बचने के लिए कहां से गुजरना है.
इन रास्तों पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
विशेष रूप से ध्यान रखें कि मैच के दौरान स्टेच्यू सर्किल से पोलो सर्किल तक का मार्ग केवल दर्शकों के लिए खुला रहेगा और अन्य सभी वाहनों का प्रवेश यहां पूरी तरह बंद रहेगा.
जाम में नहीं फंसना तो ये रास्ते चुनें
जाम से बचने के लिए यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे JLN मार्ग के बजाय राजापार्क या टोंक रोड की अंदरूनी गलियों का उपयोग करें. यदि आप स्टेच्यू सर्किल की तरफ जा रहे हैं, तो वैकल्पिक तौर पर एमआई रोड या पृथ्वीराज रोड का रास्ता चुनें. चूंकि लालकोठी और सी-स्कीम में भारी ट्रैफिक लोड रहेगा, इसलिए सहकार मार्ग का उपयोग केवल आपात स्थिति में ही करें.
हमसे जुड़ें



