‘‘संस्कृति युवा संस्था’’ की ओर से प्रदेश का सबसे प्रतिष्ठित और 30 वर्ष से अनवरत आयोजित हो रहे राजस्थान गौरव सम्मान समारोह अपनी पूर्ण भव्यता के साथ होटल आईटीसी राजपूताना शेरेटन में आयोजित हुआ। जिसमें प्रदेश की 31 लब्ध प्रतिष्ठित प्रतिभाओं को ‘‘राजस्थान गौरव‘‘ के अलंकरण से विभूषित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र ने कहा कि प्रदेश की विभूतियों को सम्मानित करना अपने आप में एक अतुलनीय कार्य है और संस्कृति युवा संस्था पिछले 30 वर्षों से राजस्थान की विभिन्न प्रतिभाओं को गरिमापूर्ण तरीके से ‘‘राजस्थान गौरव’’ के अलंकरण से विभूषित कर रही है। ये अपने आप में एक अनूठा कार्य है। उन्होने कहा कि हमारी भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने का दायित्व युवाओं पर है और जिन्हे आज सम्मानित किया गया है ये सब प्रतिभायें राजस्थान का नाम रौशन कर रही है। संस्कृति युवा संस्था के अध्यक्ष पं. सुरेश मिश्रा ने कहा कि व्यक्तित्व का सम्मान समाज का दायित्व हैं और इस प्रकार के आयोजनों में ऐसी प्रतिभाओं जो प्रदेश में ही नहीं अपितु सम्पूर्ण भारत में राजस्थान का नाम रोशन कर रही हैं वे भी प्रोत्साहित होगी और उनके पद चिन्हों पर चलकर युवा पीढ़ी को मार्गदर्शन मिलेगा। प्रधान संरक्षक एडवोकेट एच.सी. गणेशिया ने युवा संस्कृति संस्था के कार्यो की प्रशंसा करते हुए कहा कि देश के युवाओं को भारतीय संस्कृति की तरफ पुनः आकर्षित करने के लिए जो प्रयास किये जा रहे हैं वे सराहनीय हैं और युवाओं को पाश्चात्य संस्कृति का मोह छोड भारतीय संस्कृति का संवाहक बनना चाहिए।
संस्था की गतिविधियों की सम्पूर्ण जानकारी देते हुए कार्यक्रम संयोजक सौम्यता मिश्रा ने बताया कि संस्था देश की सबसे बडी मैराथन का आयोजन पिछले 15 वर्षो से अनवरत जारी है। जिसमें देश विदेश के धावक भाग लेते है। इस बार की मैराथन में एक लाख 25 हजार धावकों ने भाग लिया जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। इसके अतिरिक्त देश विदेश की प्रतिभाओं को लंदन की पार्लियामेंट, फ्रांस की सीनेट और अमेरिका के यूनाइटेड नेशन में संस्कृति युवा संस्था भारत गौरव सम्मान का आयोजन कर रही है। साथ ही नव संवत्सर का स्वागत, वर्ल्ड हैल्थ फेस्टिवल, नववर्ष की शुरुआत दारू नहीं दूध से करें जैसे अभियान पिछले 30 वर्षो से अनवरत जारी है। संस्था के संरक्षक गोविन्द पारीक ने कहा कि राजस्थान गौरव सम्मान समारोह समिति ने 30 वर्षो के सभी चयनों में पारदर्शिता अपनाई है। इस अवसर पर राजस्थान गौरव से 31 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया हैं।
इस अवसर पर भारतीय प्रशासनिक सेवा में माध्यमिक शिक्षा विभाग के निदेशक आशीष मोदी, महावीर कैंसर चिकित्सालय की चेयरपर्सन अनिला कोठारी, भारतीय पुलिस सेवा के डीजी क्राईम राजीव कुमार शर्मा, डेल्टा ऑटो कॉर्प प्रा.लि. के फाउंडर एण्ड सीईओ अंकित अग्रवाल को स्मृति चिन्ह, प्रशस्ति पत्र, दुपट्टा देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में दीप प्रज्जवलन राज्यपाल कलराज मिश्र ने किया। संस्था के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा, प्रदेश महासचिव सुनील कुमार जैन, प्रदेश अध्यक्ष गौरव धामाणी ने अतिथियों का स्वागत किया। संरक्षक गोविन्द पारीक ने आभार व्यक्त किया।