आमजन में विश्वास और अपराधियों में भाई की संकल्पना को हर दिन साकार करने वाले होली हो या दीपावली अपने परिवार को छोड़ शहर में अमन,चेन व शांति रहे इसको लेकर चौकस दिखने वाली खाकी। जहां दूसरे लोग अपने घरों में त्यौहार मनाते हैं ऐसे में ये शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने का काम करते हैं। हर जिले में होली के दूसरे दिन पुलिस महकमे में होली मनाई जाती है और विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिसमें डीजीपी से लेकर सिपाही तक सब शामिल होते हैं, और जमकर जश्न मनाते हैं। इस दौरान सरहदी जिले जैसलमेर में भी पुलिस महकमा होली के दूसरे दिन होली मना रहा है। मंगलवार को खाकी होली के रंग में रंगी नजर आई। जिसमें एसपी,डिप्टी से लेकर थानेदार और सिपाही तक, सब शामिल हुए हैं। इस दौरान पुलिस विभाग का यह कार्यक्रम शहर स्थित पुलिस लाइन परिसर में आयोजित हुआ। जहां ख़ाकी के पहरियो ने एक दूसरे को रंग लगाकर होली की शुभकामनाएं दी और डीजे पर डांस किया। इस कार्यक्रम में जैसलमेर जिला कलेक्टर प्रताप सिंह नाथावत,पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, डिप्टी प्रियंका कुमावत सहित पुलिस जवान शामिल हुए। होली के रंगों से लबरेज डीजे के गीतों पर थिरकते नजर आए। इस दौरान होली की फाग गायन का भी पुलिसकर्मियों द्वारा गान किया गया। पुलिस अधीक्षक, जिला कलेक्टर व डिप्टी को भी पुलिस जवानों ने मीठी गालियां दे संबोधित किया, होली के ऐसे रंग भरे त्यौहार में मीठी गालियां सुन अधिकारी भी मुस्कुराते नजर आए।
वही खाकी के इस परिवार में पुलिस अधीक्षक भी अपने आपको रोक नहीं पाए और जवानों के साथ डांस करते नजर आए। होली के दिन पुलिसकर्मियों ने ड्यूटी की थी, ताकि लोग शांति से होली का त्यौहार मना सकें लेकिन मंगलवार सुबह पुलिस ने अपनी होली मनाई।