देश दुनिया में परमाणु नगरी से की पहचान से विख्यात पोकरण में जग विख्यात चार दिवसीय मरू महोत्सव का आगाज भव्य शोभायात्रा में लोक लहरियों की गूंज एवं विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। शोभायात्रा से पहले पोकरण विधायक महंत प्रतापपुरी, नगरपालिकाध्यक्ष मनीष पुरोहित, जिला कलेक्टर प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, सीमा सुरक्षा बल 187 बटालियन के समादेष्टा रणवीरसिंह, उपाध्यक्ष नगरपालिका श्रीमती संजना माणकचंदेल, पूर्व विधायक सांगसिंह भाटी,समाजसेवी जुगलकिशोर व्यास सहित अतिथियों ने सालम सागर तालाब पर स्थित नेपालेश्वर महादेव मंदिर में पूजा अर्चना की। यहां पर महन्त प्रयागगिरी एवं पूजारी कन्हैया मराज ने विधि विधान अतिथियों से पूजा अर्चना करवाई।

पोकरण में मरू महोत्सव के शुभारंभ के अवसर पर समूचे शहर में उत्साह पसरा रहा। रास्ते भर व्यवसायियों, विभिन्न समाजों एवं संस्थाओं और शहरवासियों ने रंगोली व मांडने बनाकर तथा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा के साथ ही अतिथियों का भव्य स्वागत किया एवं मरू महोत्सव के आयोजन के प्रति अपनी खुशी व्यक्त की। शोभायात्रा में सीमा सुरक्षा बल के बैंड ने राजस्थानी गीतों की धुनों पर स्वर लहरियां बिखेरी वही लोक वाद्यों की स्वर लहरियों पर कलाकारों के कई समूहों ने आकर्षक लोकनृत्य प्रस्तुत कर खूब मनोरंजन करते हुए मरुभूमि और राजस्थान की लोक संस्कृति का परिचय दिया। शोभायात्रा में सजे धजे ऊँटों पर सवार बीएसएफ के जवान व बीएसएफ की महिला टुकड़ी हाथों में तिरंगा लिए हुए थी। वहीं सजी धजी रंगीन पोशाकों में मंगल कलश धारण की हुई बालिकाएं अनुपम छटा बिखेर रही थी।

इस दौरान उपखंड अधिकारी गोपाल परिहार,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपाल सिंह भाटी,तहसीलदार पारसमल राठौड़, नायब तहसीलदार माधोसिंह रतनू, विकास अधिकारी यादव, पर्यटन विभाग के सहायक निदेशक कृष्ण कुमार पूनिया,पर्यटन अधिकारी खेमेंद्र जाम सहित नगरवासी, स्कूली छात्र-छात्राएॅ, मातृशक्ति एवं आस-पड़ौस गांव के ग्रामीणजन भी उत्साह के साथ शामिल हुए एवं शोभा यात्रा की शोभा बढ़ाई। यह शोभा यात्रा शहर के मार्गो से होती हुई उच्च माध्यमिक विद्यालय प्रांगण में पहुंची।

पोकरण के अभिषेक छंगाणी बने मिस्टर पोकरण, अंतिमा खत्री मिस पोकरण चयनित

चार दिवसीय जग विख्यात मरू महोत्सव का समारोह पूर्वक भव्य आगाज बुधवार को पोकरण से हुआ। पोकरण के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित शुभारंभ समारोह में पोकरण विधायक महन्त प्रतापपुरी, उपखण्ड अधिकारी गोपाल परिहार ने विधिवत् चार दिवसीय मरू महोत्सव का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष मनीष पुरोहित, बीएसएफ के कमांडेंट रणवीर सिंह, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्रीमती संजाना माणकचंदेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गोपालसिंह,उपखण्ड अधिकारी पोकरण गोपाल परिहार, तहसीलदार पारसमल राठौड़, विकास अधिकारी यादव, ईओ रामस्वरुप गुच्छिया, सहित सहित क्षेत्र के जनप्रतिनिधि, भारी संख्या में जन समुदाय, कलाकार, महिलाएं व बीएसएफ के जवान उपस्थित थे।

महोत्सव के दौरान सर्वाधिक रोचक प्रतियोगिता मिस्टर पोकरण में सम्मिलित हुए प्रतिभागियों ने भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा दिए गए निर्णय के अनुसार फलौदी के अभिषेक छंगाणी मिस्टर पोकरण चयनित हुए।

महिलाओं के लिए सर्वाधिक आकर्षक प्रतियोगिता मिस पोकरण में बालिकाओं ने भारी उत्साह दिखाया एवं इस प्रतियोगिता में शामिल हुई प्रतिभागी बालिकाओं ने सज धज कर वस्त्राभूषण के साथ भाग लिया। निर्णायक मंडल द्वारा दिए गए निर्णय के अनुसार पोकरण निवासी अंतिमा खत्री मिस पोकरण चयनित हुई।

रोचक रही प्रतियोगिताएं, विजेताओं को दिए पुरस्कार

महोत्सव के दौरान आयोजित की गई अन्य प्रतियोगिताएं भी बहुत ही रोचक रही एवं दर्शकों का मन मोह लिया। इसमें महिलाओं की मटका रेस बहुत ही रोचक रही जिसमें महिलाओं ने भाग लिया। उसमें से श्रीमती केंकू विजेता रही। इसी प्रकार साफा बांधो प्रतियोगिता भी आकर्षक रही। इस प्रतियोगिता में सम्मिलित हुए प्रतिभागियों 2.30 मिनट में अच्छी तरह से साफा बांधा, जिसमें भेरुलाल विजेता रहे। इसी प्रकार पुरुषों एवं महिलाओं के बीच रस्साकशी प्रतियोगिता हुई जिसमें दोनों वर्गो में पीएल जिम की टीमें विजेता रही।

उपखण्ड अधिकारी गोपाल परिहार ने मिस्टर पोकरण बने अभिषेक छंगाणी व मिस पोकरण बनी अंतिमा खत्री को ताज पहनाकर, मोमेंटो देकर व प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इसी प्रकार अन्य विजेताओं को भी पुरस्कार प्रदान कर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता राजेश उज्जवल एवं रमेशकंवर ने किया।

तनेराव सिंह
जैसलमेर